शिमला/धर्मशाला, 19 अगस्त (भाषा) हिमाचल प्रदेश के चंबा और कांगड़ा जिलों में मध्यम तीव्रता के दो भूकंप आए, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।
अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि भूकंप से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के अनुसार, शाम छह बजकर 54 मिनट पर चंबा में 3.6 तीव्रता का भूकंप आया, जिसका केंद्र करेरी के पास जमीन से पांच किलोमीटर की गहरायी में स्थित था।
करीब 45 मिनट बाद कांगड़ा में भी मध्यम तीव्रता का एक और भूकंप दर्ज किया गया, जिसका केंद्र भी जमीन से पांच किलोमीटर की गहरायी में स्थित था।
भूकंप की गहराई कम होने के कारण इसके झटके विशेष रूप से महसूस किए गए। इसके कारण कुछ इलाकों में लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए।
अधिकारियों ने बताया कि अभी तक किसी के हताहत होने या इमारतों अथवा अन्य संपत्ति को नुकसान पहुंचने की सूचना नहीं मिली है। जिला प्रशासन और संबंधित एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
कांगड़ा और चंबा दोनों भूकंपीय क्षेत्र-5 में आते हैं, जिसे उच्च क्षति जोखिम वाले क्षेत्र के रूप में वर्गीकृत किया गया है।
भाषा गोला शोभना
शोभना