गुजरात में 11.42 करोड़ रुपये के ‘डिजिटल अरेस्ट’ मामले में दो और लोग गिरफ्तार
गुजरात में 11.42 करोड़ रुपये के ‘डिजिटल अरेस्ट’ मामले में दो और लोग गिरफ्तार
नयी दिल्ली, 27 सितंबर (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने गुजरात में 11.42 करोड़ रुपये के ‘‘डिजिटल अरेस्ट’’ मामले में दो और लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
यह कार्रवाई साइबर अपराध के खिलाफ जारी राष्ट्रव्यापी अभियान ‘ऑपरेशन चक्र-6’ के तहत 10 राज्यों में 22 स्थानों पर एक साथ छापेमारी के बाद की गई।
सीबीआई के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कि आरोपियों हिमांशु प्रसाद और यूनिस बिस्वास ने कथित तौर पर मेसर्स हेक्साक्वेस्ट ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड के बैंक खाते का इस्तेमाल किया।
उन्होंने कहा कि इस खाते में पीड़ित से ठगी गई 11.42 करोड़ रुपये की राशि में से 2.5 करोड़ रुपये प्राप्त किए गए।
प्रवक्ता ने बताया कि आरोपियों ने कथित तौर पर इस रकम को अपने साथियों के कई खातों में भेजने में सक्रिय भूमिका निभाई, ताकि पैसों के लेन-देन का पता न चल सके।
जांच एजेंसी ने कहा कि दोनों आरोपी कथित तौर पर बैंक खातों का इस्तेमाल करने और एपीके फाइल इंस्टॉल करने में शामिल थे, जिनके जरिए डिजिटल अरेस्ट धोखाधड़ी और अन्य साइबर अपराधों से हासिल रकम निकाली जाती थी।
भाषा जोहेब दिलीप
दिलीप

Facebook


