कोटा में प्रसव के बाद महिलाओं की मौत के मामले में दो और चिकित्सक निलंबित

Ads

कोटा में प्रसव के बाद महिलाओं की मौत के मामले में दो और चिकित्सक निलंबित

  •  
  • Publish Date - May 13, 2026 / 12:41 AM IST,
    Updated On - May 13, 2026 / 12:41 AM IST

कोटा (राजस्थान), 12 मई (भाषा) राजस्थान सरकार ने प्रसव के बाद महिलाओं की मौत और संक्रमण फैलने के मामले में दो और चिकित्सकों तथा दो नर्सिंग स्टाफ को निलंबित कर दिया। साथ ही कोटा के जेके लोन अस्पताल व न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एनएमसीएच) के अधीक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए।

एनएमसीएच और जेके लोन अस्पताल में ऑपरेशन से प्रसव के बाद चार महिलाओं की मौत हो गई थी।

कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज के प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग के डॉ. बद्रीलाल (प्रोफेसर) और डॉ. खुशबू मीना (एसोसिएट प्रोफेसर) को ‘‘उपचार और निगरानी में लापरवाही’’ के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। जेके लोन अस्पताल की नर्सिंग ऑफिसर पिंकी खींची और एनएमसीएच की नर्सिंग ऑफिसर मीनाक्षी मीना को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया।

जेके लोन अस्पताल की अधीक्षक डॉ. निर्मला शर्मा और एनएमसीएच के अधीक्षक डॉ. आशुतोष शर्मा को प्रशासनिक एवं पर्यवेक्षण संबंधी जिम्मेदारियों के निर्वहन में कथित लापरवाही को लेकर कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।

राजस्थान की प्रमुख शासन सचिव (स्वास्थ्य) गायत्री राठौर ने दोनों अस्पतालों का निरीक्षण किया और मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, उपचार प्रणाली तथा चिकित्सा व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

भाषा खारी संतोष

संतोष