जयपुर, 19 सितंबर (भाषा) राजस्थान सरकार ने जयपुर के परकोटे शहर में पुरोहित जी का कटला के सेठी कॉम्प्लेक्स में भीषण आग लगने के मामले में नगर निगम के दो अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। साथ ही इस घटना के कारणों की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय समिति गठित की है। स्वायत्त शासन विभाग के एक प्रवक्ता ने शनिवार को यह जानकारी दी।
प्रवक्ता के अनुसार नगर निगम जयपुर के मुख्य अग्निशमन अधिकारी देवेंद्र मीणा तथा सहायक अग्निशमन अधिकारी कुलदीप माणतवाल को घटना में लापरवाही बरतने के लिए निलंबित किया गया है।
उन्होंने बताया कि साथ ही विभाग ने इस मामले की जांच के लिए एक उच्चस्तरीय जांच कमेटी गठित की गई है। उन्होंने बताया कि स्थानीय निकाय विभाग में अतिरिक्त निदेशक समिति के अध्यक्ष होंगे। उन्होंने बताया कि इसके अलावा विभाग में मुख्य अभियंता व नगर निगम व उदयपुर के मुख्य अग्निशमन अधिकारी समिति के सदस्य होंगे।
उल्लेखनीय है कि शहर की बड़ी चौपड़ स्थित पुरोहित जी के कटले में बृहस्पतिवार को लगी भीषण आग में 20 से अधिक दुकानें व गोदाम खाक हो गए थे।
भाषा पृथ्वी अमित
अमित