दिल्ली में कपिल सांगवान गिरोह के दो गुर्गे गिरफ्तार
दिल्ली में कपिल सांगवान गिरोह के दो गुर्गे गिरफ्तार
नयी दिल्ली, 30 जून (भाषा) दिल्ली पुलिस ने कपिल सांगवान उर्फ नंदू गिरोह के दो संदिग्ध गुर्गों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि आरोपियों के कब्जे से दो देसी तमंचे, कारतूस और एक चोरी की एसयूवी कार बरामद की गई है।
उत्तम नगर का निवासी सोनू उर्फ साहिल चौधरी (36) और बुराड़ी का निवासी शिवेंदर उर्फ हर्ष उर्फ जकी (35) के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने कहा कि सोनू का नंदू गिरोह से संबंध है और उसके खिलाफ हत्या का प्रयास, कार छीनने , लूट, चोरी और शस्त्र अधिनियम सहित 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
शिवेंदर सब्जी मंडी थाने का खराब चरित्र (बीसी) का व्यक्ति है और वह 29 आपराधिक मामलों में शामिल है। हाल में जेल से रिहा हुआ था।
पुलिस कुख्यात अपराधियों की निगरानी कर रही थी, जब उन्हें सोनू के बारे में विशिष्ट जानकारी मिली कि वह चोरी की एसयूवी कार में डाबरी क्षेत्र में घूम रहा है और कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगी है।
बिंदपुर के केशो राम पार्क इलाके में जाल बिछाकर सोनू को पकड़ा लिया गया। तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके पास से एक देसी तमंचा और कारतूस बरामद किए।
पुलिस ने बताया सत्यापन से पता चला कि एसयूवी कार उत्तर-पश्चिम दिल्ली के मौर्य एन्क्लेव क्षेत्र से चोरी हुई थी।
डाबरी थाने में शस्त्र अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान, सोनू ने कथित तौर पर उस व्यक्ति का नाम बताया जिसने उसे हथियार और चोरी की कार उपलब्ध कराई थी।
उसकी जानकारी और तकनीकी निगरानी के आधार पर, पुलिस ने बुराड़ी में छापा मारा और शिवेंदर को गिरफ्तार कर लिया, जिसके पास एक देसी तमंचा और कारतूस मिला।
पुलिस ने कहा कि सोनू पहले 2023 में कपिल सांगवान के करीबी सहयोगी विक्की उर्फ सन्यासी के संपर्क में आया था और संपत्ति विवाद को लेकर पालम में एक महिला को निशाना बनाकर की गई गोलीबारी में शामिल था।
भाषा नोमान
नोमान माधव
माधव

Facebook


