रांची और पलामू में पारिवारिक विवाद के कारण दो लोगों की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
रांची और पलामू में पारिवारिक विवाद के कारण दो लोगों की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
रांची/मेदिनीनगर, आठ अप्रैल (भाषा) झारखंड के रांची और पलामू जिलों में पारिवारिक विवादों की अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि रांची में पैसे देने से इनकार करने पर एक बुजुर्ग व्यक्ति की उसके बेटे ने कथित तौर पर धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी।
यह घटना हवाई अड्डे के थाना क्षेत्र के अंतर्गत हरतांड में रात करीब दो बजे घटी।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी कमल साहू (32) को गिरफ्तार कर लिया गया जबकि मृतक की पहचान कमल के पिता गोविंद साहू (60) के रूप में हुई।
हवाई अड्डा थाने के प्रभारी (ओसी) पंकज शर्मा ने कहा, ‘‘प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी अपने पिता से दो लाख रुपये की मांग कर रहा था। जब पिता ने इनकार कर दिया, तो दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो हिंसा में बदल गई। गुस्से में आकर कमल ने फावड़ा उठाया और अपने पिता के सिर पर कई बार वार किया, जिससे उनकी मौत हो गई।’’
ओसी ने बताया कि पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार बरामद कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) लाया गया और इस संबंध में प्राथमिका दर्ज होने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पलामू जिले में पुलिस ने पंकी थाना क्षेत्र के अंतर्गत थेखी गांव में पिंटू (35) की हत्या करने के आरोप में उसके भाई सिंटू भुइयां (19) को गिरफ्तार किया है।
यह घटना सोमवार को दोनों के बीच हुई कहासुनी के बाद घटी और घटना के समय दोनों नशे की हालत में थे। मृतक की पत्नी ने इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पंकी थाने के प्रभारी राजेश कुमार ने कहा, ‘‘आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी बरामद कर ली गई है। उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।’’
भाषा यासिर माधव
माधव

Facebook


