रुद्रप्रयाग, नैनीताल में तेंदुओं के हमलों में दो व्यक्तियों की मौत

Ads

रुद्रप्रयाग, नैनीताल में तेंदुओं के हमलों में दो व्यक्तियों की मौत

  •  
  • Publish Date - February 4, 2026 / 01:03 PM IST,
    Updated On - February 4, 2026 / 01:03 PM IST

रुद्रप्रयाग/नैनीताल, चार फरवरी (भाषा) उत्तराखंड में तेंदुओं के हमलों की दो अलग घटनाओं में एक बुजुर्ग महिला और एक बच्चे की मौत हो गयी। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि रुद्रप्रयाग जिले के सिंद्रवाणी गांव में मंगलवार दोपहर अपने घर के आंगन में खेल रहे पांच वर्षीय एक बच्चे को एक तेंदुआ उठाकर जंगल की ओर भाग गया।

अधिकारियों ने बताया कि सूचना पर जिला प्रशासन और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचीं और बच्चे की तलाश शुरू की। उन्होंने बताया कि कई घंटे की लंबी तलाश के बाद बच्चे का क्षत विक्षत शव देर रात बरामद किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि तलाश अभियान का नेतृत्व करने वाले रुद्रप्रयाग के उप जिलाधिकारी सोहन सिंह सैनी ने बताया कि सात टीम द्वारा लगातार अभियान चलाया गया जिसके बाद रात 11 बजे जंगल से बच्चे का शव बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

उन्होंने बताया कि बच्चे की पहचान दक्ष बिष्ट के रूप में हुई है।

सैनी ने बताया कि तेंदुए के संभावित खतरे को देखते हुए विभिन्न स्थानों पर पिंजरे लगाए जाएंगे और वन विभाग की एक टीम क्षेत्र में लगातार गश्त करेगी।

उधर, रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए क्षेत्र के आठ स्कूल में अगले दो दिनों के लिए अवकाश घोषित कर दिया है।

एक अन्य घटना में, नैनीताल जिले में भीमताल के जूना स्टेट क्षेत्र में एक तेंदुए के हमले में 60 वर्ष की एक महिला की मौत हो गई।

अधिकारियों ने बताया कि गंगा देवी सोमवार को अपने मवेशियों के लिए चारा लेने जंगल में गयी थी लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी जिसके बाद ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। अधिकारियों ने बताया कि काफी तलाश के बाद महिला का शव मंगलवार सुबह जंगल के काफी अंदर से बरामद हुआ जिस पर तेंदुए के हमले के स्पष्ट निशान थे।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में पिछले काफी समय से तेंदुए की सक्रियता देखी जा रही है लेकिन वन विभाग ने अभी तक उसे पकड़ने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। उन्होंने क्षेत्र में पिंजरा लगाए जाने की मांग की।

नथुवाखान वन रेंज के रेंज अधिकारी विजय भटट ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गयीं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में गश्त तेज कर दी गयी है और तेंदुए को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।

भाषा सं दीप्ति अमित

अमित