बीदर (कर्नाटक), चार फरवरी (भाषा) कर्नाटक के बीदर जिले के एक सरकारी स्कूल के लगभग 20 बच्चों को मध्याह्न भोजन के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि भोजन के विषाक्त होने का संदेह है।
पुलिस ने बताया कि घटना मंगलवार को जिले के औराद तालुक के जमालपुरा सरकारी प्राथमिक विद्यालय में हुई।
अधिकारियों के अनुसार, मध्याह्न भोजन में सांभर, चावल और अन्य व्यंजन दिए गए थे जिसे खाने के बाद कुछ छात्रों ने पेट दर्द, मतली और दस्त की शिकायत की और कुछ छात्रों को उल्टी भी हुई।
इससे चिंतित शिक्षकों ने एहतियात के तौर पर स्कूल के सभी 58 छात्रों को औराद तालुक अस्पताल पहुंचाया। उन्हें आवश्यक दवा दी गई। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उनमें से केवल 20 में बीमारी के लक्षण दिखे और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उन्होंने कहा, ‘‘20 बच्चों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया और अब उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। मध्याह्न भोजन के बाद उन्हें भोजन विषाक्तता होने का संदेह है। इनमें से पांच से छह छात्र अब भी अस्पताल में भर्ती हैं, जिन्हें निगरानी में रखा गया है। इसके बाद ही उन्हें अस्पताल से छुट्टी देने के बारे में निर्णय लिया जाएगा।’’
बीदर की उपायुक्त शिल्पा शर्मा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि बच्चों की स्थिति फिलहाल स्थिर है। उन्हें परोसे गए भोजन के नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला परीक्षण के लिए भेज दिए गए हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।’’
भाषा सुरभि शोभना
शोभना