मणिपुर के उखरुल में उग्रवादियों ने दो लोगों की गोली मारकर हत्या की

Ads

मणिपुर के उखरुल में उग्रवादियों ने दो लोगों की गोली मारकर हत्या की

  •  
  • Publish Date - April 18, 2026 / 08:38 PM IST,
    Updated On - April 18, 2026 / 08:38 PM IST

इंफाल, 18 अप्रैल (भाषा) मणिपुर के उखरुल जिले में शनिवार को संदिग्ध उग्रवादियों ने घात लगाकर दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

यह घटना आज दोपहर कुकी बहुल याओलेन गांव के पास हुई। घटना मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह द्वारा तंगखुल नगा बहुल पर्वतीय जिले का दौरा करने और कुकी व नगा निवासियों के साथ बातचीत के दौरान शांति तथा संवाद की अपील करने के एक दिन बाद हुई है।

अधिकारियों ने बताया कि संदिग्ध उग्रवादियों ने इंफाल से उखरुल जा रहे नागरिकों के वाहनों पर गोलीबारी की। कार की आगे वाली यात्री सीट पर बैठे एक व्यक्ति के सिर में गोली लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गोली लगने से घायल हुए एक अन्य व्यक्ति ने भी दम तोड़ दिया।

मृतकों की पहचान ताशर गांव के एस. डब्ल्यू. चिनाओशांग और खरासोम गांव के वाई वाशुम के रूप में हुई है।

इस हमले के दौरान तीन कारों के सामने का शीशा और पीछे की खिड़कियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं।

कुकी जो परिषद ने दोनों व्यक्तियों की हत्या में समुदाय की किसी भी संलिप्तता से इनकार किया है।

भाषा शुभम शफीक

शफीक