देहरादून, चार जून (भाषा) देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में बृहस्पतिवार तड़के एक मुठभेड़ के बाद पुलिस ने राजस्थान के दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया ।
पुलिस ने यहां बताया कि नयागांव चौकी बैरियर पर कार से टक्कर मारने के बाद बदमाशों के सेलाकुई की तरफ भागने के दौरान यह मुठभेड़ हुई । पुलिस के पीछा करने पर बदमाशों ने कार छोड़ी और गोलियां चलाते हुए पैदल भागे । पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की ।
मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लगी जिससे वह घायल हो गया । इसके बाद पुलिस ने मौके से दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया । इस दौरान, उनके साथ मौजूद तीन अन्य बदमाश फरार हो गए जिनकी तलाश की जा रही है ।
घायल गिरफ्तार बदमाश की पहचान दौसा जिले के मंडावर क्षेत्र के रिंकू मीणा (30) के रूप में हुई है जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है । गिरफ्तार हुए एक अन्य बदमाश का नाम विनोद कुमार मीणा (32) है जो करौली जिले के झारेड़ा क्षेत्र का निवासी है ।
दोनों बदमाशों के पास से दो देसी तमंचे, खोखा व कारतूस बरामद हुए हैं । घटना मे प्रयुक्त राजस्थान के पंजीकरण नंबर वाली स्विफ्ट कार को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है ।
पुलिस ने बताया कि दोनों बदमाशों का आपराधिक इतिहास है और उनके खिलाफ राजस्थान में संगीन अपराधों के लिए मुकदमा दर्ज है ।
भाषा दीप्ति मनीषा
मनीषा