दिल्ली के रोहिणी में पुलिस के साथ मुठभेड़ के बाद टिल्लू गिरोह के दो शूटर गिरफ्तार

Ads

दिल्ली के रोहिणी में पुलिस के साथ मुठभेड़ के बाद टिल्लू गिरोह के दो शूटर गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - August 2, 2026 / 08:40 PM IST,
    Updated On - August 2, 2026 / 08:40 PM IST

नयी दिल्ली, दो अगस्त (भाषा) दिल्ली पुलिस ने रोहिणी में मुठभेड़ के बाद टिल्लू ताजपुरिया गिरोह के दो कथित शूटरों को गिरफ्तार किया है। इसी के साथ हाल ही में प्रतिद्वंद्वी गिरोह के एक सदस्य की हुई हत्या का मामला सुलझ गया है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्की उर्फ राहुल रंगा (27) और विशाल उर्फ साहिल (26) के रूप में हुई है। दोनों ने शनिवार रात यूईआर-दो रोड के पास पुलिस टीम द्वारा रोके जाने पर कथित तौर पर गोली चला दी।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों की गतिविधियों से संबंधित विशेष खुफिया सूचना और निगरानी के आधार पर जाल बिछाया गया था। दोनों मोटरसाइकिल पर सवार होकर मौके पहुंचे और पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की और कथित तौर पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों के पैरों में गोली लगी और उन्हें काबू कर लिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि इस दौरान कोई पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध पिस्तौल, छह कारतूस, छह खोखे और 30 जुलाई को प्रतिद्वंद्वी गोगी-दिनेश कराला गिरोह के सदस्य हरीश माथुर की हत्या में कथित तौर पर इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है।

रोहिणी के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) शशांक जायसवाल ने बताया कि बरामद मोटरसाइकिल का इस्तेमाल कथित तौर पर माथुर की हत्या में किया गया था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी कूट संचार ऐप के जरिये टिल्लू ताजपुरिया गिरोह के अमेरिका में बैठे एक सहयोगी के संपर्क में थे और उन्हें विदेश से निर्देश मिल रहे थे।

अधिकारी ने बताया, ‘‘गिरोह के संचालक ने हथियार और पैसे खरखौदा-रोहतक रोड पर एक सुनसान स्थान पर रखवाए थे, जहां से आरोपियों ने उन्हें उठाया।’’

पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर खुलासा किया कि हरीश माथुर को प्रतिद्वंद्वी गिरोह से जुड़े होने के कारण निशाना बनाया गया था।

उन्होंने गिरोह के पांच-छह अन्य सदस्यों की भी रेकी की थी और उन पर हमले की योजना बनाई थी।

जायसवाल ने कहा, ‘‘समय रहते आरोपियों की गिरफ्तारी से एक बड़ी साजिश नाकाम हो गई और गिरोहों के बीच संभावित हिंसा को टाल दिया गया।’’

डीसीपी ने बताया कि विक्की के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और शस्त्र अधिनियम सहित चार आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि विशाल के खिलाफ तीन मामले दर्ज हैं, जिनमें दो शस्त्र अधिनियम के तहत हैं।

पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान के लिए जांच जारी है।

भाषा

राखी धीरज

धीरज