खबर मध्य प्रदेश के शुजालपुर मंडी की है। बुधवार शाम करीब सात बजे का वक्त था। एकांगी मार्ग पर धरती टाकीज के पीछे वाली गली में अचानक शोर हुआ। जो जहां था, वहीं थम गया क्योंकि एक दो मंजिला मकान इस तरह दरकता दिख रहा था मानो भीषण भूकंप का शिकार बन गया हो। जब तक लोग कुछ समझ पाते, मकान ढ़हने लगा और 10 मिनट के भीतर पूरी तरह जमींदोज़ हो गया।
मध्य प्रदेश की शुजालपुर मंडी के एकांगी मार्ग पर धरती टाकिज के पीछे वाली गली में एक दो मंजिला मकान गिरा, देखिए दृश्य
#Shajapur #MadhyaPradesh pic.twitter.com/wzKXCs7s38— IBC24 (@IBC24News) February 15, 2018
खुशकिस्मती से इस मकान में रहने वाली जैन दंपति पहले ही बाहर निकल चुके थे, जिससे उनकी जान बच गई, लेकिन अपनी आंखों के सामने अपने आशियाने को मिट्टी में मिलता देख उन्हें गहरा सदमा लगा है। न सिर्फ ये घर ढ़ह गया, बल्कि इस घर के भीतर का सारा सामान भी मलबे के ढेर में दबकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
ये भी पढ़ें- बीजेपी की महिला नेता ने कांस्टेबल को थप्पड़ मारा तो लगा जवाबी थप्पड़, वीडियो वायरल
बताया जा रहा है कि एस के जैन अपनी पत्नी के साथ इस मकान में रहते थे, जिसके बगल में एक और मकान के निर्माण के लिए खुदाई का काम कराया जा रहा था। दोपहर बाद अचानक जैन दंपति के घर की अंदर की दीवारों से रेत और प्लास्टर नीचे गिरने लगा, जिससे वो घबरा गए। कुछ देर ऐसा ही चलता रहा और फिर उनके घर और बगल वाले मकान के बीच की दूरी चौड़ी होती दिखी। इसके बाद घर की दीवारें भूकंप की तरह हिलने लगी। इसे देखते ही जैन दंपति घर से बाहर की ओर भागे। घर से उनके बाहर निकलते ही घर भरभराकर गिरने लगा और इसके बाद जो कुछ हुआ, वो तो आप वीडियो में देख ही चुके हैं।
वेब डेस्क, IBC24