जयपुर, 16 मार्च (भाषा) राजस्थान के बाड़मेर जिले के एक सरकारी स्कूल में सोमवार सुबह कक्षा में लगा पंखा अचानक गिर पड़ा, जिससे दो छात्र घायल हो गए।
घटना संसीयों का तला क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय में सुबह की प्रार्थना सभा के बाद हुई, जब बच्चे अपनी कक्षा में लौटे थे।
घायल बच्चों की पहचान मनीष (पांच) और मनीष (छह) के रूप में हुई है।
स्कूल प्रशासन ने बताया कि दोनों छात्र एक ही कक्षा में बैठे थे, तभी पंखा हुक समेत अचानक गिर पड़ा और उसका हिस्सा दोनों बच्चों से टकरा गया।
शिक्षकों और स्थानीय निवासियों ने तुरंत बच्चों को बाड़मेर के सरकारी जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है।
शिक्षक मुकेश ने बताया कि दोनों बच्चे सभा के बाद कक्षा में बैठ गए थे, जबकि अन्य छात्र आ रहे थे।
तहसीलदार हुकमचंद मौके पर पहुंचे और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्कूल में लगे सभी पंखों की जांच के आदेश दिए।
भाषा बाकोलिया जोहेब
जोहेब