देहरादून, पांच मई (भाषा) उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और वन विभाग की संयुक्त टीम ने उधमसिंह नगर जिले में डेढ़ करोड़ रु मूल्य का हाथी दांत बरामद करते हुए दो संदिग्ध वन्यजीव तस्करों को गिरफ्तार किया है । अधिकारियों ने यह जानकारी दी ।
अधिकारियों ने बताया कि टीम ने सोमवार देर रात रात्रि जिले के सितारगंज क्षेत्र के कल्याणपुर इलाके की बराकोली रेंज में चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्ध तस्करों को गिरफ्तार किया ।
उन्होंने बताया कि पकड़े गए संदिग्ध तस्करों की पहचान सितारगंज के रहने वाले मृत्युंजय हलदार (32) और माणिक मंडल (35) के रूप में हुई है ।
उत्तराखंड एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय सिंह ने बताया कि बरामद हाथी दांत का वजन सात किलो 820 ग्राम तथा उसकी लंबाई तीन फीट तीन इंच और गोलाई 13 इंच है । हाथी दांत की अनुमानित कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये है ।
उन्होंने बताया कि पकड़े गए तस्करों के विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है ।
सिंह ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर मामले की गहन छानबीन की जा रही है । उन्होंने कहा कि यदि इस मामले में अन्य किसी व्यक्ति की संलिप्तता पायी जाती है तो उसके विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी ।
भाषा दीप्ति रंजन
रंजन