ओडिशा के मयूरभंज में दो आदिवासी लड़कियों से सामूहिक बलात्कार, तीन गिरफ्तार

ओडिशा के मयूरभंज में दो आदिवासी लड़कियों से सामूहिक बलात्कार, तीन गिरफ्तार

ओडिशा के मयूरभंज में दो आदिवासी लड़कियों से सामूहिक बलात्कार, तीन गिरफ्तार
Modified Date: October 25, 2025 / 06:19 pm IST
Published Date: October 25, 2025 6:19 pm IST

बारिपदा, 25 अक्टूबर (भाषा) ओडिशा के मयूरभंज जिले में दो आदिवासी लड़कियों के साथ पांच लोगों ने कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किया। लड़कियां अपने दोस्तों के साथ घर लौट रही थीं। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि यह घटना बुधवार रात को हुई लेकिन शुक्रवार को रसगोविंदपुर पुलिस थाने में उनके माता-पिता द्वारा शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद यह मामला सामने आया।

पुलिस ने बताया कि 13 और 14 साल की ये लड़कियां दो लड़कों के साथ पास के एक गांव में ‘जात्रा’ या थिएटर देखने गई थीं। घर लौटते समय कुछ युवकों ने उनकी मोटरसाइकिल रोक ली और उनके दोस्तों के साथ मारपीट करने के बाद उन्हें अपने साथ ले गए।

उन्होंने बताया कि कक्षा आठ और नौ की छात्राएं पांच लोगों द्वारा कथित तौर पर बलात्कार की शिकार हुईं।

पुलिस ने बताया कि घटना के सिलसिले में तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।

बीएनएस और पोक्सो (यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

विपक्षी बीजद ने दावा किया कि पिछले 16 महीनों में ओडिशा में 5,000 से ज्यादा महिलाओं के साथ बलात्कार हुआ है।

बीजद प्रवक्ता लेनिन मोहंती ने कहा, ‘यह भयावह आंकड़ा राज्य में मौजूदा भाजपा सरकार के तहत महिलाओं की बिगड़ती स्थिति को दर्शाता है।’

भाषा तान्या माधव

माधव


लेखक के बारे में