झारखंड के रामगढ़ जिले में हाथियों के हमले मे दो महिलाओं की मौत
झारखंड के रामगढ़ जिले में हाथियों के हमले मे दो महिलाओं की मौत
रामगढ़, 17 अगस्त (भाषा) झारखंड के रामगढ़ ज़िले में सोमवार को हाथियों के झुंड ने दो महिलाओं को कुचल दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि यह घटना सुबह करीब साढ़े आठ बजे रजरप्पा थानाक्षेत्र के बरकीपोना गांव में हुई, जब दोनों महिलाएं खेत में काम कर रही थीं।
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान सबीना खातून (60) और धानो देवी (37) के तौर पर हुई है तथा दोनों इसी गांव की रहने वाली थीं।
थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘जब ये महिलाएं खेत में काम कर रही थीं तब जंगली हाथियों के झुंड ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि खातून ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।’’
उन्होंने कहा कि दोनों महिलाओं के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।
रामगढ़ के संभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) नीतीश कुमार ने बताया कि इलाके में 44 हाथियों का झुंड घूम रहा था जो जो दो समूहों में बंट गया।
उन्होंने कहा कि वन विभाग और जिला प्रशासन ने गोला, चितरपुर और दुल्मी प्रखंडों के गांवों में हाथियों को लेकर अलर्ट जारी किया है।
उन्होंने कहा कि हाथियों के दो समूहों की गतिविधियों पर नजर रखने और उन्हें घनी आबादी वाले इलाकों से दूर भगाने के लिए ढोल, पटाखे और मशालों के साथ एक ‘त्वरित कार्रवाई दल’ तैनात किया गया है।
भाषा राजकुमार अविनाश
अविनाश

Facebook


