संभल में शराब पीने व भांग खाने से दो युवकों की मौत, एक बीमार

संभल में शराब पीने व भांग खाने से दो युवकों की मौत, एक बीमार

संभल में शराब पीने व भांग खाने से दो युवकों की मौत, एक बीमार
Modified Date: November 29, 2022 / 07:56 pm IST
Published Date: March 13, 2021 9:06 am IST

संभल (उप्र), 13 मार्च ( भाषा) उत्‍तर प्रदेश के संभल जिले के गुन्नौर थाना क्षेत्र में कथित रूप से भांग खाने और शराब पीने की वजह से दो युवकों की मौत का मामला सामने आया है जबकि गंभीर रूप से बीमार एक व्‍यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

संभल के पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्र ने शनिवार को बताया कि आज सुबह सूचना प्राप्त हुई कि गुन्नौर के सिमरई गांव में शिवरात्रि के दिन कुछ लोगों ने भारी मात्रा में भांग का सेवन किया और उसके बाद शराब पी।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि भांग खाने और शराब पीने वालों में से दो युवकों मनोज (28) व नन्हे (35) की शुक्रवार की रात मृत्यु हो गई। उन्होंने बताया कि उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

उन्होंने बताया कि भांग खाने वालों में से एक की हालत नाजुक है जिसे अस्पताल में उपचार के लिए भेजा गया है। मिश्र के अनुसार मामले में विधिक कार्यवाही की जा रही है और प्रकरण की जांच शुरू कर दी गई है।

भाषा सं आनन्द रंजन

रंजन


लेखक के बारे में