भजनपुरा मेट्रो स्टेशन के पास कार की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौत, चालक गिरफ्तार

भजनपुरा मेट्रो स्टेशन के पास कार की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौत, चालक गिरफ्तार

भजनपुरा मेट्रो स्टेशन के पास कार की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौत, चालक गिरफ्तार
Modified Date: May 9, 2026 / 10:38 am IST
Published Date: May 9, 2026 10:38 am IST

नयी दिल्ली, नौ मई (भाषा) उत्तर-पूर्वी दिल्ली में भजनपुरा मेट्रो स्टेशन के नजदीक एक कार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे उसपर सवार दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, यह हादसा आठ और नौ मई की दरमियानी रात खजूरी खास इलाके में हुआ।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘पुलिस को घटनास्थल पर एक बुलेट मोटरसाइकिल और एक मारुति सेलेरियो कार मिली।’’

उन्होंने बताया कि जांच में सामने आया कि कार ने पीछे से मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मारी, जिससे दोनों सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस ने कहा कि पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) वैन से उन्हें जग प्रवेश चंद्र अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान करावल नगर निवासी रोहित (31) और हेमंत (33) के रूप में हुई है।

पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर सबूत जुटाए और शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है। कार चालक हिमांशु (27) को गिरफ्तार कर लिया गया है और वाहन जब्त कर लिया है।’’

पुलिस ने बताया कि हादसे की सही परिस्थितियों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

भाषा

खारी सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में