केंद्रीय मंत्री मजूमदार ने ममता के धरना देने पर कहा, वह चुनाव बाद जो करेंगी उसी का अभ्यास कर रही हैं
केंद्रीय मंत्री मजूमदार ने ममता के धरना देने पर कहा, वह चुनाव बाद जो करेंगी उसी का अभ्यास कर रही हैं
कूच बिहार (प. बंगाल), छह मार्च (भाषा) केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने कोलकाता में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के विरोध में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की ओर से दिए जा रहे धरने का मखौल उड़ाते हुए शुक्रवार को कहा कि वे आगामी विधानसभा चुनाव में हारने के बाद जो करेंगी, उसका ही पूर्वाभ्यास कर रही हैं।
मजूमदार ने भाजपा के सत्ता में आने पर युवाओं के लिए रोजगार, महिला वित्तीय सहायता योजना की राशि में वृद्धि और राज्य सरकार के कर्मचारियों को उचित महंगाई भत्ता (डीए) देने जैसे कई वादे भी किए।
वे कूच बिहार जिले के नटबारी में भाजपा की ‘परिवर्तन यात्रा’ रैली में बोल रहे थे। बनर्जी के धरना देने पर मजूमदार ने कहा, ‘‘आगामी विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा का मुख्यमंत्री बनने पर वह जो करेंगी, उसका ही पूर्वाभ्यास कर रही हैं।’’
मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को एसआईआर के बाद मतदाता सूचियों से कथित तौर पर मनमाने ढंग से नाम हटाए जाने के विरोध में यहां धरना शुरू किया।
पश्चिम बंगाल में अप्रैल में विधानसभा चुनाव कराए जाने की संभावना है।
भाषा संतोष नरेश
नरेश

Facebook


