केंद्रीय मंत्री ने कहा- सवर्ण एससी/एसटी कानून में बदलाव की मांग करने की बजाय खुद को बदलें
केंद्रीय मंत्री ने कहा- सवर्ण एससी/एसटी कानून में बदलाव की मांग करने की बजाय खुद को बदलें
लखनऊ। केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा है कि सरकार किसी दबाव में एससी/एसटी कानून में बदलाव नहीं करेगी, लेकिन हम यह वादा करते हैं कि इसका कोई बेजा इस्तेमाल नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि इस कानून में बदलाव की मांग करने की बजाय सवर्णों को खुद को बदलना चाहिए.
अठावले ने कहा कि ‘यह कानून दलितों पर होने वाले हमलों को रोकने के लिए है। अगर दलितों पर हमले होंगे तो उससे बचाव के लिए कोई कानून होना ही चाहिए। ऐसे लोग जो इस कानून का विरोध कर रहे हैं हम उनके साथ बैठकर बातचीत करना चाहते हैं। हम समझाने की कोशिश करेंगे’।
यह भी पढ़ें : महाकाल मंदिर में मॉडल ने किया ऐसा डांस, वीडियो वायरल होते ही समिति ने थमाई नोटिस, देखिए वीडियो
उन्होंने कहा कि एससी/एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम में बदलाव की मांग करने वालों को दलितों को लेकर अपने खुद के व्यवहार में बदलाव लाना चाहिए और उनसे बेहतर तरीके से पेश आना चाहिए। उन्होंने कहा कि दलितों को और सवर्णों को मिलकर रहना होगा। खेत-खलिहान मजदूरों के साथ चलना होगा। अगर दलितों पर हमले नहीं होंगे तो यह कानून सवर्णों पर नहीं लगेगा। केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि एससी/एसटी एक्ट के दुरुपयोग के मामले अभी तक बहुत ही कम सामने आए हैं.
गौरतलब है कि देश के कई अन्य राज्यों में एससी-एसटी कानून में हुए संशोधन के खिलाफ गुरुवार को सवर्णों ने भारत बंद बुलाया था। इस दौरान कई जगह आगजनी हुई, ट्रेनों को रोका गया और सड़क जाम की गईं। कई जगह स्कूल और बाजार बंद रहे।
वेब डेस्क, IBC24

Facebook


