तिरुवनंतपुरम में विश्वविद्यालय टाउनशिप विकसित की जाएगी: राजीव चंद्रशेखर

Ads

तिरुवनंतपुरम में विश्वविद्यालय टाउनशिप विकसित की जाएगी: राजीव चंद्रशेखर

  •  
  • Publish Date - June 28, 2026 / 09:32 PM IST,
    Updated On - June 28, 2026 / 09:32 PM IST

तिरुवनंतपुरम, 28 जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केरल इकाई के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने रविवार को कहा कि भारत में पहली बार विकसित की जा रहीं विश्वविद्यालय टाउनशिप में से एक का विकास तिरुवनंतपुरम में किया जाएगा।

उन्होंने इस पहल का समर्थन करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का धन्यवाद किया।

सोशल मीडिया पोस्ट में नेमोम के विधायक ने कहा, ‘‘भारत के पहले विश्वविद्यालय टाउनशिप में से एक हमारे तिरुवनंतपुरम को मिलने जा रहा है।’’

उन्होंने कहा कि वह वर्ष 2024 से ही तिरुवनंतपुरम को प्रौद्योगिकी, नवोन्मेष और अनुसंधान के क्षेत्र में विश्व-स्तरीय केंद्र बनाने पर काम कर रहे हैं।

चंद्रशेखर ने कहा, ‘‘आज उस दृष्टिकोण को हकीकत में तब्दील करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है।’’

उन्होंने कहा कि प्रस्तावित विश्वविद्यालय टाउनशिप, ‘तिरुवनंतपुरम अनुसंधान एवं नवोन्मेष क्लस्टर’ के साथ मिलकर, नवाचार का एक ऐसा परिवेश बनाएगा जो युवा मलयालियों की जिंदगी बदलने में सक्षम होगा।

उन्होंने कहा, ‘‘टी-आरआईसी नवाचार को जन्म देता है। विश्वविद्यालय टाउनशिप उसे बड़े स्तर पर ले जाने के लिए पारिस्थितिकी तंत्र बनाती है। ये दोनों मिलकर हमारे विश्वविद्यालयों, अनुसंधान संस्थानों, स्टार्टअप्स, उद्योगों और विझिनजम पोर्ट को एक एकीकृत नवोन्मेष पारिस्थितिकी तंत्र से जोड़ेंगे।’’

उन्होंने कहा कि इस पहल से प्रौद्योगिकी, जैव प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डीप प्रौद्योगिकी और अनुसंधान क्षेत्रों में अधिक अच्छे वेतन वाली नौकरियां पैदा होंगी।

भाषा संतोष सुरेश

सुरेश