लुधियाना, 12 अप्रैल (भाषा) पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा ने रविवार को उत्तर प्रदेश में नौका पटलने की घटना में मारे गए लोगों के परिजनों से मुलाकात की। इस हादसे में 13 लोगों की जान चली गई थी।
अरोड़ा हादसे में मारे गए राकेश गुलाटी और उनकी पत्नी अंजू गुलाटी के आवास गए और शोक संतप्त परिवार से मिलकर अपनी संवेदना व्यक्त की। वह हादसे में जान गंवाने वाली मीनू बंसल और उनकी बेटी डिंकी बंसल के घर भी गए।
अधिकारियों ने बताया कि उत्तर प्रदेश के मथुरा में शुक्रवार अपराह्न यमुना नदी में पर्यटकों से भरी एक नौका पलट गई, जिनमें ज्यादातर पंजाब के लोग सवार थे। उन्होंने बताया कि इस घटना में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग अब भी लापता हैं।
अधिकतर पीड़ित लुधियाना जिले के जगरांव कस्बे और दुगरी क्षेत्र के थे।
अरोड़ा ने कहा कि किसी प्रियजन को खोने के दर्द को शब्दों से पूरी तरह कम नहीं किया जा सकता है, और वह केवल एक मंत्री के रूप में नहीं, बल्कि एक इंसान के रूप में उनके दुख में उनके साथ खड़े होने आए हैं।
उन्होंने इस त्रासदी का कारण बनने वाली ‘लापरवाही’ की कड़ी आलोचना की और इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
अरोड़ा ने कहा कि यह घटना महज एक दुर्घटना नहीं, बल्कि ‘लापरवाही’ का परिणाम थी और नौका का प्रबंधन करने वालों को इसके लिए जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।
अरोड़ा ने कहा कि पंजाब सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार के साथ समन्वय करेगी, ताकि न्याय शीघ्रता से मिल सके और भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
भाषा धीरज दिलीप
दिलीप