कानपुर, 12 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के कानपुर और वाराणसी जिला पुलिस ने एक संयुक्त अभियान में कोडीन युक्त कफ सिरप के गैर-कानूनी कारोबार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 5.5 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की और जेल में बंद एक आरोपी से जुड़े बैंक खाते में 37 लाख रुपये के लेनदेन को रोक लगा दी। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि विनोद अग्रवाल के खिलाफ की गई यह कार्रवाई स्वापक औषधि एवं मन: प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत दर्ज एक मामले में की गयी।
पुलिस ने बताया कि अग्रवाल ने कोडीन सिरप की गैर-कानूनी बिक्री और भंडारण से मिले रुपयों का इस्तेमाल कर कई चल और अचल संपत्तियां बनाईं।
पुलिस ने एनडीपीएस अधिनियम के तहत अपराध से कमाए गए संदिग्ध संपत्ति को कुर्क करने की कार्रवाई शुरू की।
पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि ग्वालटोली, चकेरी, कलेक्टरगंज और जाजमऊ इलाकों में करीब पांच करोड़ रुपये की संपत्ति की पहचान कर उन्हें कुर्क कर लिया गया।
उन्होंने बताया कि वित्तीय जांच के तहत आईसीआईसीआई बैंक के एक खाते में करीब 37 लाख रुपये है और उसके लेनदेन पर रोक लगा दी गयी है।
भाषा सं जफर जितेंद्र
जितेंद्र