नासिक, 12 फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र के नासिक शहर में एक कोचिंग क्लास श्रृंखला के एक कर्मचारी को छात्रों को हिंदी बोलने के लिए ‘मजबूर’ करने के आरोप में कथित तौर पर पीटने और धमकाने के मामले में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के छह समर्थकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
नासिक के शरणपुर रोड स्थित ‘फिजिक्स वाला’ की एक शाखा में बुधवार को हुई इस घटना के सिलसिले में अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
व्यक्तियों का एक समूह कोचिंग क्लास में घुस गया और अभिनव कुमार को कथित तौर पर थप्पड़ मारा। उन लोगों ने कुमार पर मराठी भाषी छात्रों को परेशान करने और उन्हें हिंदी बोलने के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया।
आरोपियों ने खुद को महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) का कार्यकर्ता बताया। उन्होंने कथित तौर पर मांग की कि सभी हिंदी भाषी शिक्षकों से इस्तीफा देने के लिए कहा जाना चाहिए।
कोचिंग क्लास के प्रबंधक यश कुमार त्रिवेदी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर, सरकारवाड़ा थाने में छह व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 115 (2) (हमला), 126 (गलत तरीके से रोकना) और 351 (आपराधिक धमकी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों को नोटिस जारी कर दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
भाषा
नोमान नेत्रपाल
नेत्रपाल