Valentine's Day 2026 / Image Source : IBC24
सागर : Valentine’s Day Controversy मध्य प्रदेश के सागर ज़िले में वैलेंटाइन-डे से ठीक पहले माहौल गर्मा गया है। शहर के पहलवान बब्बा मंदिर में शिवसेना कार्यकर्ताओं द्वारा ‘लाठी पूजन’ कर प्रेमी जोड़ों और होटल संचालकों को दी गई खुली चेतावनी के बाद अब पुलिस महकमा सक्रिय हो गया है। पुलिस अधिकारियों ने हिंदू संगठनों से स्पष्ट अपील की है कि वे वैलेंटाइन-डे पर किसी भी स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें।
दरअसल, बीते दिन सागर में शिवसेना संगठन के कार्यकर्ताओं ने लाठियों की पूजा की और सार्वजनिक रूप से घोषणा की कि वैलेंटाइन-डे पर यदि कोई प्रेमी जोड़ा अश्लील हरकत करता पाया गया, तो उन्हें तत्काल सबक सिखाया जाएगा और मौके पर ही उनकी शादी करा दी जाएगी। Valentine’s Day 2026 इसके साथ ही होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को भी हिदायत दी गई है कि वे किसी भी प्रकार के ‘अशोभनीय’ कार्यक्रम का आयोजन न करें। शिवसेना की इस चेतावनी के बाद शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।
शिवसेना के इस सख्त रुख के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। अधिकारियों ने चेतावनी जारी की है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। Sagar News पुलिस ने संगठनों से कानून के दायरे में रहने की अपील करते हुए सार्वजनिक स्थानों, पार्कों और होटलों पर सुरक्षा बढ़ाने के संकेत दिए हैं। अब देखना होगा कि वैलेंटाइन-डे के दिन शहर की स्थिति कैसी रहती है।