अमरनाथ यात्रा: यात्रियों और सेवा प्रदाताओं के लिए दुर्घटना बीमा की राशि बढ़ाकर 10 लाख रुपये की गई

Ads

अमरनाथ यात्रा: यात्रियों और सेवा प्रदाताओं के लिए दुर्घटना बीमा की राशि बढ़ाकर 10 लाख रुपये की गई

  •  
  • Publish Date - February 12, 2026 / 10:26 PM IST,
    Updated On - February 12, 2026 / 10:26 PM IST

जम्मू, 12 फरवरी (भाषा) दक्षिण कश्मीर में होने वाली वार्षिक अमरनाथ यात्रा के सिलसिले में पंजीकृत यात्रियों, सेवा प्रदाताओं और पुजारियों के लिए दुर्घटना बीमा की राशि पांच लाख रुपये से बढ़ाकर 10 लाख रुपये कर दी गयी है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि यह निर्णय जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा की अध्यक्षता में हुई श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड (एसएएसबी) की 50वीं बैठक में लिया गया।

प्रवक्ता ने बताया कि बोर्ड ने 2026 की यात्रा के लिए ‘प्रथम पूजा’ 29 जून को ‘ज्येष्ठ पूर्णिमा’ के अवसर पर करने की घोषणा की है।

उन्होंने कहा कि यात्रा के औपचारिक आरंभ की तिथि शीघ्र ही तय की जाएगी।

प्रतिवर्ष देशभर से लाखों श्रद्धालु 3,880 मीटर ऊंचाई पर स्थित पवित्र अमरनाथ गुफा में प्राकृतिक रूप से निर्मित हिम शिवलिंग के दर्शन के लिए पहुंचते हैं।

प्रवक्ता ने बताया कि बोर्ड ने ‘बाबा बर्फानी’ को समर्पित लेजर और साउंड शो आयोजित करने को भी मंजूरी दी है, जो श्रीनगर और जम्मू में आयोजित किया जाएगा।

प्रवक्ता ने कहा कि बोर्ड ने पंजीकृत यात्रियों, सेवा प्रदाताओं, अधिकारियों और पुजारियों के लिए दुर्घटना बीमा की राशि को पांच लाख रुपये से बढ़ाकर 10 लाख रुपये करने का निर्णय लिया है। इसके अलावा एसएएसबी कर्मचारियों के लिए विभिन्न कल्याणकारी कदमों को भी मंजूरी दी गई।

एसएएसबी अध्यक्ष उपराज्यपाल ने संबंधित अधिकारियों को यात्रा मार्गों पर शौचालय सुविधाएं स्थापित करने के लिए स्थानों की पहचान करने के निर्देश दिए।

भाषा

राखी राजकुमार

राजकुमार