बदायूं (उप्र), 12 मार्च (भाषा) हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) के यहां स्थित इथेनॉल संयंत्र के दो वरिष्ठ अधिकारियों की बृहस्पतिवार को महाप्रबंधक कार्यालय के अंदर गोली मारकर हत्या कर दी गई। कालीसूची में डाले गए एक विक्रेता ने वारदात को अंजाम दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह घटना जिले के मूसाझाग थाना क्षेत्र के सेजनी गांव में स्थित एचपीसीएल इथेनॉल संयंत्र में हुई।
जिलाधिकारी अवनीश राय के मुताबिक, संयंत्र के महाप्रबंधक सुधीर कुमार गुप्ता (58) और सहायक महाप्रबंधक हर्षित मिश्रा (34) की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
राय ने कहा कि सेजनी गांव निवासी आरोपी अजय प्रताप सिंह उर्फ रामू पहले इथेनॉल संयंत्र में विक्रेता के रूप में काम करता था।
सूत्रों ने कहा कि महाप्रबंधक गुप्ता ने हाल ही में कुछ कर्मचारियों की छटनी की थी और उन विक्रेताओं को काली सूची में डाल दिया था जिनका काम संतोषजनक नहीं था। हटाए गए लोगों में आरोपी भी शामिल था।
सूत्रों ने बताया कि आरोपी ने कथित तौर पर कई बार गुप्ता को धमकियां दी थीं।
अधिकारियों ने कहा कि आरोपी ने पहले भी गुप्ता की कार पर हमला किया था, जिसके बाद जिला प्रशासन और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी। बाद में उसके खिलाफ दातागंज कोतवाली में मामला दर्ज किया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी सिंह बृहस्पतिवार दोपहर करीब दो बजे संयंत्र में पहुंचा और उसने कथित तौर पर महाप्रबंधक पर गोली चला दी और जब सहायक महाप्रबंधक मिश्रा ने हस्तक्षेप करने का प्रयास किया, तो हमलावर ने उन पर भी गोली चला दी, जिसके परिणामस्वरूप दोनों अधिकारियों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद इस बात पर सवाल उठाए गए हैं कि आरोपी हथियार के साथ उच्च सुरक्षा वाले संयंत्र के परिसर में प्रवेश करने और सुरक्षाकर्मियों द्वारा रोके या तलाशी लिए बिना कार्यालय क्षेत्र तक पहुंचने में कैसे कामयाब रहा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ब्रजेश कुमार सिंह ने कहा कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
भाषा सं जफर शफीक
शफीक