छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में रास में हंगामा, कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित

छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में रास में हंगामा, कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित

छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में रास में हंगामा, कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित
Modified Date: July 22, 2026 / 11:40 am IST
Published Date: July 22, 2026 11:40 am IST

नयी दिल्ली, 22 जुलाई (भाषा) ‘नीट’ परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में विपक्षी दलों के हंगामे के कारण राज्यसभा की कार्यवाही बुधवार को दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

बैठक शुरु होने पर सभापति सी पी राधाकृष्णन ने सिक्किम के नामची जिले में हुए सुरंग हादसे का जिक्र किया और इसमें जान गंवाने वाले 20 मजदूरों को सदन में श्रद्धांजलि दी गई।

इसके बाद उन्होंने आवश्यक दस्तावेज सदन के पटल पर रखवाए।

इस दौरान विपक्षी सदस्यों ने अपने-अपने मुद्दे उठाने चाहे। सभापति ने दस्तावेज पटल पर रखवाने के बाद सदन में विपक्ष के नेता और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को बोलने की अनुमति दी।

खरगे ने ‘नीट’ परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई का मुद्दा उठाया। उनकी बात शुरु होते ही सत्तापक्ष के सदस्य हंगामा करने लगे। इसके जवाब में विपक्षी सदस्यों ने भी नारेबाजी शुरू कर दी।

खरगे ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया और उन्हें तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले भी छोड़े।

छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस के अधिकतर सांसद काली शर्ट और काला कुर्ता पहनकर सदन पहुंचे। खरगे की बांह में काले रंग की पट्टी बंधी थी।

हंगामे के बीच सभापति सी. पी. राधाकृष्णन ने सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

भाषा मनीषा सिम्मी

सिम्मी


लेखक के बारे में