प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर रास में हंगामा, बैठक दोपहर दो बजे तक स्थगित

Ads

प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर रास में हंगामा, बैठक दोपहर दो बजे तक स्थगित

  •  
  • Publish Date - July 28, 2026 / 11:35 AM IST,
    Updated On - July 28, 2026 / 11:35 AM IST

नयी दिल्ली, 28 जुलाई (भाषा) नीट प्रश्नपत्र लीक के विरोध में राष्ट्रीय राजधानी में प्रदर्शन करने वाले छात्रों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के मुद्दे पर गृह मंत्री अमित शाह के बयान की मांग कर रहे विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण राज्यसभा की बैठक मंगलवार को शुरू होने के कुछ ही देर बाद दोपहर दो बजे तक स्थगित कर दी गई।

हंगामे के कारण उच्च सदन में आज भी शून्यकाल और प्रश्नकाल नहीं हो पाया।

बैठक शुरू होने पर सभापति सी पी राधाकृष्णन ने आवश्यक दस्तावेज सदन के पटल पर रखवाए और शून्यकाल शुरू किया। उन्होंने असम से यूपीपी (एल) के रवंगवरा नारजारी को अपना मुद्दा उठाने के लिए कहा।

नारजारी ने बोडो भाषा में अपनी बात शुरू की। इसी दौरान विपक्षी सदस्यों ने नीट प्रश्नपत्र लीक के विरोध में राष्ट्रीय राजधानी में प्रदर्शन करने वाले छात्रों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के मुद्दे पर सदन में गृह मंत्री अमित शाह के बयान की मांग उठाई और हंगामा करने लगे।

सभापति ने हंगामा कर रहे सदस्यों से शांत रहने और शून्यकाल चलने देने की अपील की। अपनी बात का असर होता न देख उन्होंने करीब 11 बजकर सात मिनट पर बैठक को दोपहर दो बजे तक स्थगित कर दिया।

संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई को शुरू हुआ और नीट प्रश्नपत्र लीक से जुड़े मुद्दों पर विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण अब तक एक भी दिन सदन में शून्यकाल और प्रश्नकाल नहीं हो पाए हैं।

भाषा मनीषा वैभव

वैभव