हिजाब विवाद के बीच कर्नाटक विधानसभा के संयुक्त सत्र में हंगामे के आसार

Ads

हिजाब विवाद के बीच कर्नाटक विधानसभा के संयुक्त सत्र में हंगामे के आसार

  •  
  • Publish Date - February 13, 2022 / 04:21 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:46 PM IST

बेंगलुरु, 13 फरवरी (भाषा) कर्नाटक में जारी हिजाब विवाद के बीच सोमवार से शुरु हो रहे विधानमंडल के संयुक्त सत्र के हंगामेदार रहने के आसार हैं। इस दौरान मेकेदातू परियोजना के क्रियान्वयन, ठकेदारा संघ द्वारा लगाए गए कमीशन लेने के आरोपों और अन्य चीजों से जुड़े मामले गरमा सकते हैं।

10 दिवसीय सत्र 25 फरवरी तक चलेगा। सत्र के पहले दिन सोमवार को कर्नाटक के राज्यपाल थावर चंद गहलोत संयुक्त सत्र को संबोधित करेंगे जिसमें दोनों सदनों के सदस्य शामिल होंगे। पिछले साल जुलाई में राज्यपाल का पदभार संभालने के बाद गहलोत के लिए संयुक्त सत्र को संबोधित करने का यह पहला मौका होगा।

विधानसभा अध्यक्ष विश्वेश्वर हेगड़े कागेरी ने शनिवार को कहा कि कई वर्षों के बाद राज्यपाल संयुक्त सत्र के लिए विधानसभा कक्ष में कदम रखेंगे। सत्र के हंगामेदार रहने की उम्मीद है क्योंकि प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस कई मुद्दों पर सरकार को घेर सकती है, जिसमें हिजाब विवाद, कानून व्यवस्था की स्थिति शामिल है। हिजाब विवाद ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है।

नेताओं, मंत्रियों और नौकरशाहों के खिलाफ कर्नाटक राज्य ठेकेदार संघ द्वारा लगाए गए 40 प्रतिशत कमीशन के आरोपों का मुद्दा भी कांग्रेस उठा सकती है। मेकेदातु परियोजना के क्रियान्वयन संबंधित मुद्दा भी कांग्रेस उठा सकती है। वहीं भाजपा ने कांग्रेस पर इस मुद्दे का राजनीतिकरण करने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। विपक्ष के नेता सिद्धारमैया ने सत्र की रणनीति पर चर्चा के लिए 14 फरवरी को कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाई है।

दिसंबर में बेलगावी में शीतकालीन सत्र के दौरान विधानसभा द्वारा पारित विवादास्पद धर्मांतरण विरोधी विधेयक को सत्र के दौरान विधानपरिषद में उठाए जाने की संभावना है।

भाषा

संतोष

संतोष