नयी दिल्ली, 13 अप्रैल (भाषा) ईरान के राजदूत मोहम्मद फताअली ने सोमवार को कहा कि अमेरिका के साथ एक और दौर की शांति वार्ता के लिए उनका देश तैयार है, बशर्तें कि वह कोई ‘‘अवैध मांग’’ न करे और तेहरान की शर्तों पर गौर करे।
इस्लामाबाद में ईरान और अमेरिका के बीच हुई वार्ता के एक दिन बाद संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने यह टिप्पणी की। हालांकि, वार्ता बेनतीजा समाप्त हो गई थी।
एक सवाल के जवाब में फताअली ने कहा, ‘‘अगर वे (अमेरिका) हमारी शर्तें मान लेते हैं, तो यह संभव है।’’
ईरानी राजदूत ने कहा कि अमेरिकी पक्ष ने वार्ता के दौरान ‘‘अवैध’’ मांगें रखीं, जिसके कारण बातचीत बेनतीजा समाप्त हो गई।
उन्होंने यह भी दावा किया कि होर्मुज जलडमरूमध्य ईरान के जल क्षेत्र में स्थित है।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरानी बंदरगाहों की नाकेबंदी की धमकी के बारे में पूछे जाने पर, फताअली ने कहा कि वाशिंगटन ईरान की ताकत से अवगत है।
पश्चिम एशिया संकट के संदर्भ में समग्र स्थिति पर राजदूत ने कहा कि इस क्षेत्र में ईरान और भारत का ‘‘साझा भविष्य’’ है।
भाषा सुभाष नरेश
नरेश