उप्र : विवाहित महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

Ads

उप्र : विवाहित महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

  •  
  • Publish Date - May 21, 2026 / 11:34 AM IST,
    Updated On - May 21, 2026 / 11:34 AM IST

एटा (उप्र), 21 मई (भाषा) जिले के अवागढ़ पुलिस थाने के अंतर्गत आने वाले नगला रूपी गांव में 26 वर्षीय एक विवाहित महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

मृतका के परिवार ने आरोप लगाया कि बेटे को जन्म न देने के कारण उसके पति और ससुराल वालों ने उसकी हत्या कर दी।

पुलिस के अनुसार, यह घटना अवागढ़ पुलिस थाने के अंतर्गत आने वाले नगला रूपी गांव में हुई।

मृतका की पहचान कीर्ति देवी (26) के रूप में हुई है, जिसकी डेढ़ साल और दो महीने की दो बेटियां हैं।

पीड़िता के पिता वीरेश के अनुसार, कीर्ति को उसके ससुराल वाले कथित तौर पर बेटा न होने के कारण प्रताड़ित करते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि उसके पति और परिवार के अन्य सदस्यों ने उसके साथ मारपीट की और उसे फांसी पर लटका दिया।

घटना की सूचना मिलने पर जलेसर के पुलिस क्षेत्राधिकारी ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

सिंह ने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है, हालांकि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा।

उन्होंने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

भाषा सं जफर

मनीषा

मनीषा