बदायूं, 19 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय दलित लड़की से दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में आरोपी और एक पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस की एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अंकिता शर्मा ने बताया कि शनिवार रात हुई इस मुठभेड़ में गिरफ्तार आरोपी की पहचान वजीरगंज थाना क्षेत्र के मोहल्ला तकिया निवासी परवेज (24) के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि आरोपी के कब्जे से .315 बोर का एक तमंचा, दो कारतूस और एक खोखा बरामद किया गया है।
एसएसपी के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान आरोपी की ओर से की गई गोलीबारी में आरक्षी प्रवेंद्र कुमार के हाथ में गोली लगी, जबकि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उन्होंने बताया कि उपचार के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर वजीरगंज थाने में परवेज के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था।
एसएसपी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) हिरदेश कठेरिया के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी बिसौली अंशुमान श्रीवास्तव के नेतृत्व में गठित टीम आरोपी की तलाश कर रही थी। इसी दौरान आंवला रोड स्थित कुंवरगांव चौराहे के पास वाहन जांच के दौरान आरोपी से मुठभेड़ हुई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत