उप्र: बारिश से संबंधित घटनाओं में छह लोगों की मौत

Ads

उप्र: बारिश से संबंधित घटनाओं में छह लोगों की मौत

  •  
  • Publish Date - September 6, 2026 / 04:59 PM IST,
    Updated On - September 6, 2026 / 04:59 PM IST

कानपुर/बदायूं/बलिया, छह सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के साढ़ थाना क्षेत्र में रविवार को एक कच्चा मकान ढहने से मलबे में दबकर एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि बदायूं जिले में शनिवार रात भारी बारिश के कारण घर की दीवार गिरने से एक किसान की मलबे के नीचे दबकर मौत हो गई और उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई।

वहीं बलिया जिले में रविवार सुबह चितबड़ागांव थाना क्षेत्र के नफरेपुर गांव में मिट्टी की दीवार गिरने से छह साल की एक बच्ची की मौत हो गई।

कानपुर के पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि साढ़ थाना क्षेत्र के हिरनी गांव में पूर्वाह्न करीब 11 बजे बारिश के दौरान एक परिवार का कच्चा घर ढहने से मुकेश कुमार (45) और उनकी बेटियों माया (17), नीतू (सात) और पल्लवी (पांच) की मौत हो गयी।

उन्होंने बताया कि हादसे में मुकेश की एक अन्य बेटी काजल (20) गंभीर रूप से घायल हो गयी जिसे कानपुर के लाला लाजपत राय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

लाल ने बताया, “घर ढहने के सही कारणों की जांच की जा रही है। इस बीच, मुकेश के चचेरे भाई तेज बहादुर सिंह ने पुलिस की लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि घर ढहने के बाद परिवार ने साढ़ पुलिस को कई बार फोन किया, लेकिन शुरू में उनके फोन का कोई जवाब नहीं मिला।”

उन्होंने बताया कि ग्रामीणों को खुद ही बचाव कार्य शुरू करना पड़ा और मलबे में दबे परिवार के सदस्यों को बाहर निकालने के लिए उन्होंने लगभग दो घंटे तक काम किया।

परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि इलाज में देरी हुई क्योंकि पीड़ितों को वहां लाए जाने के समय कोई चिकित्सक उपलब्ध नहीं था।

उन्होंने कथित खामियों की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

परिवार के अनुसार, काजल की शादी दिसंबर में होने वाली थी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि आगे की कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि बदायूं जिले के मूसाझाग थाना क्षेत्र के गुरुगांव ग्राम में शनिवार देर रात भारी बारिश के कारण एक किसान के कच्चे घर की दीवार गिर गई।

पुलिस के मुताबिक, मलबे में दबने से किसान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई।

मूसाझाग थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) मनोज कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान विनोद (35) के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि ग्रामीणों ने घायल पत्नी को मलबे से बाहर निकाला।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने बताया कि बलिया के चितबड़ागांव थाना क्षेत्र के नफरेपुर गांव में मिट्टी की दीवार गिरने से छह साल की एक बच्ची की मलबे में दबकर मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, मृतक बच्ची की पहचान कीर्ति राजभर के रूप में हुई है।

पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

भाषा सं. सलीम आनन्द जितेंद्र

जितेंद्र