महराजगंज, 19 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार शनिवार रात जिले के सिंदूरिया थाना क्षेत्र के परसा मीर गांव के पास हुई इस दुर्घटना में दो मोटरसाइकिलों की टक्कर में तीन लोग घायल हो गए और उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया।
उन्होंने बताया कि अस्पताल में चिकित्सकों ने घायलों में से महराजगंज निवासी विष्णु विश्वकर्मा (24) और शेषनाथ साहनी (24) को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि घायल एक अन्य व्यक्ति को इलाज के लिए गोरखपुर के मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।
सिंदूरिया थाना प्रभारी राज कुमार सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस दुर्घटना के संबंध में अभी तक किसी भी पक्ष से कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत