उत्तराखंड : सूझबूझ से 34 यात्रियों की जान बचाने वाले बस चालक की पहिये से कुचलकर मौत

उत्तराखंड : सूझबूझ से 34 यात्रियों की जान बचाने वाले बस चालक की पहिये से कुचलकर मौत

उत्तराखंड : सूझबूझ से 34 यात्रियों की जान बचाने वाले बस चालक की पहिये से कुचलकर मौत
Modified Date: June 3, 2026 / 05:08 pm IST
Published Date: June 3, 2026 5:08 pm IST

चंपावत, तीन जून (भाषा) उत्तराखंड के चंपावत जिले में बुधवार को एक चालक ने अपनी सूझबूझ से रोडवेज बस में सवार 34 यात्रियों की जान बचा ली, लेकिन वह खुद वाहन के अगले पहिये के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उत्तराखंड परिवहन निगम के क्षेत्रीय मंडल टनकपुर के सहायक मंडलीय प्रबंधक सुरेश पांडे ने बताया कि घटना सुबह 10 बजे बारहमासी सड़क पर हुई, जब धारचूला से टनकपुर जा रही बस के ब्रेक चंपावत से 18 किलोमीटर पहले मरोड़ाखान के पास ढलान पर अचानक खराब हो गए।

पांडे के मुताबिक, बस में सवार 34 यात्रियों की जान बचाने के मकसद से चालक ने वाहन को रोकने के लिए उसे दाहिनी ओर पहाड़ी से टकरा दिया।

उन्होंने बताया कि हालांकि इस दौरान चालक खुद छिटककर बस के अगले पहिये के नीचे आ गया, जिससे कुचलकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पांडे के अनुसार, मृतक चालक की पहचान चंपावत के बडोली क्षेत्र निवासी बेनीराम थ्वाल (49) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि घटना में एक महिला को हल्की चोट आई, जबकि बाकी सभी यात्री पूरी तरह से सुरक्षित हैं।

भाषा

सं दीप्ति पारुल

पारुल


लेखक के बारे में