उत्तराखंड : केदारनाथ मंदिर के पास आतिशबाजी कर वीडियो प्रसारित करने के मामले में मुकदमा दर्ज
उत्तराखंड : केदारनाथ मंदिर के पास आतिशबाजी कर वीडियो प्रसारित करने के मामले में मुकदमा दर्ज
रुद्रप्रयाग, 29 अप्रैल (भाषा) उत्तराखंड में केदारनाथ मंदिर परिसर के पास आतिशबाजी करने और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के आरोप में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार करीब एक सप्ताह पहले शुरू हुई केदारनाथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। इसी बीच धाम में अजीबोगरीब रील और वीडियो बनाकर उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने के अब तक करीब आधा दर्जन मामले सामने आ चुके हैं।
ताजा मामले में वायरल वीडियो में केदारनाथ मंदिर के निकट जन्मदिन के उपलक्ष्य में जश्न मनाते हुए आतिशबाजी की जा रही है। वीडियो में एक व्यक्ति यह कहते हुए सुनाई देता है कि सामने केदारनाथ मंदिर है और वह अपने दोस्त का जन्मदिन धाम में मना रहा है। उसके ‘हैप्पी बर्थडे’ कहने पर दूसरा व्यक्ति ‘थैंक यू’ कहते हुए दिखाई देता है।
इस मामले में पूजा स्थल पर सार्वजनिक उपद्रव फैलाने और वीडियो प्रसारित कर धार्मिक भावनाओं को आहत करने के आरोप में सोमवार को सोनप्रयाग थाने में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
रुद्रप्रयाग सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल के प्रभारी उपनिरीक्षक रविंद्र सिंह रावत की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 353(3) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
रावत ने बताया कि यह वीडियो संभवतः कपाट खुलने के शुरुआती दिनों का है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि इसमें कितने लोग शामिल हैं।
बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के सदस्य और केदारनाथ के तीर्थ पुरोहित विनीत पोस्ती ने बताया कि पुलिस, प्रशासन, मंदिर समिति और तीर्थ पुरोहित समाज लगातार श्रद्धालुओं से पूजास्थल की मर्यादा बनाए रखने की अपील कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर में तैनात समिति के कर्मचारी तीर्थयात्रियों से केदारनाथ धाम की गरिमा के अनुरूप आचरण करने का अनुरोध कर रहे हैं।
भाषा
सं, दीप्ति रवि कांत

Facebook


