उत्तराखंड: मौसम में सुधार के बाद चारधाम यात्रा पुनः शुरू, जिलाधिकारियों को दिए गए आवश्यक निर्देश
उत्तराखंड: मौसम में सुधार के बाद चारधाम यात्रा पुनः शुरू, जिलाधिकारियों को दिए गए आवश्यक निर्देश
देहरादून, 28 सितंबर (भाषा) उत्तराखंड में मौसम की स्थिति में सुधार के बाद चारधाम यात्रा पुनः शुरू कर दी गई है और सभी संबंधित जिलाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के पूर्वानुमान के मद्देनजर यात्रियों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 26 सितंबर की दोपहर से 27 सितंबर तक चारधाम यात्रा स्थगित कर दी गई थी।
गढ़वाल मंडल के आयुक्त आनंद स्वरूप ने बताया कि मौसम में सुधार के बाद अब यात्रा पुनः शुरू कर दी गई है।
उन्होंने कहा, ‘‘संबंधित जिलाधिकारी अपने-अपने जनपदों की स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार यात्रा संचालन के संबंध में आवश्यक निर्णय ले सकते हैं। मार्ग अवरुद्ध होने, अत्यधिक वर्षा या प्रतिकूल मौसम की स्थिति में जिलाधिकारी अपने स्तर से यात्रा को अस्थायी रूप से स्थगित कर सकते हैं।’’
अधिकारी ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा प्रशासन की शीर्ष प्राथमिकता है और मौसम व यात्रा मार्गों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
उन्होंने कहा कि यात्रियों से भी अपील की गई है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले मौसम की जानकारी ले लें और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
भाषा खारी वैभव
वैभव

Facebook


