उत्तराखंड सरकार ने चारधाम यात्रियों से 12-13 मई को अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की
उत्तराखंड सरकार ने चारधाम यात्रियों से 12-13 मई को अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की
देहरादून, 11 मई (भाषा) मौसम विभाग ने मंगलवार और बुधवार को उत्तराखंड के विभिन्न हिस्सों, खासकर पहाड़ी इलाकों में बारिश और प्रतिकूल मौसम की आशंका को देखते हुए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है, जिसके मद्देनजर राज्य सरकार ने चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं तथा पर्यटकों से अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है।
गढ़वाल के आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों से आग्रह किया है कि खराब मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए 12 और 13 मई को यात्रा कार्यक्रम बनाते समय अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए और अगर संभव हो, तो मौसम सामान्य होने के बाद ही यात्रा करना अधिक सुविधाजनक रहेगा।
उन्होंने श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की भी अपील की, ताकि यात्रा सुरक्षित और सुखद बनी रहे।
पांडेय ने कहा कि राज्य सरकार चारधाम यात्रा को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है तथा सभी संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने भरोसा जताया कि श्रद्धालुओं के सहयोग और सतर्कता से चारधाम यात्रा निर्विघ्न और सफलतापूर्वक संपन्न होगी।
उत्तराखंड में उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्थित चारों धामों-गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ और बदरीनाथ के कपाट पिछले महीने खोले गए थे और तब से अब तक करीब साढ़े 10 लाख श्रद्धालु दर्शन के लिए आ चुके हैं।
देहरादून मौसम केंद्र ने 12 और 13 मई को राज्य में कुछ जगहों पर आकाशीय बिजली गिरने, ओलावृष्टि, तेज से बहुत तेज बारिश होने और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवाओं के साथ आंधी आने का पूर्वानमुमान जताते हुए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है।
भाषा
दीप्ति पारुल
पारुल

Facebook


