उत्तराखंड: अगले दो-तीन दिनों में मानसून बढ़ेगा आगे, पहाड़ी क्षेत्रों के लिए अलर्ट जारी
उत्तराखंड: अगले दो-तीन दिनों में मानसून बढ़ेगा आगे, पहाड़ी क्षेत्रों के लिए अलर्ट जारी
देहरादून, 28 जून (भाषा) अगले दो-तीन दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में पहुंचने की संभावना है। यहां मौसम केंद्र ने यह जानकारी दी।
रविवार तक, मानसून का उत्तरी हिस्सा सूरत, इंदौर, मंडला, डाल्टनगंज और मोतिहारी से होकर गुजर रहा है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मौसम को लेकर चेतावनी जारी की है और राज्य के पहाड़ी ज़िलों पर नजर रखने को कहा है। इन पहाड़ी इलाकों में कुछ जगहों पर बिजली कड़कने के साथ आंधी-तूफान चलने, मूसलाधार बारिश होने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से तेज़ हवाएं चलने की संभावना है।
बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल और चंपावत जिलों में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने या आंधी-तूफान आने की संभावना है।
बाकी पहाड़ी ज़िलों और ऊधम सिंह नगर जिले में भी कुछ जगहों पर ऐसी ही हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। हरिद्वार जिले में छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश होने या आंधी-तूफान चलने की संभावना है।
देहरादून में आसमान मुख्य रूप से साफ़ रहने या आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। दोपहर या शाम के समय कुछ इलाकों में बहुत हल्की से हल्की बारिश होने या आंधी-तूफान चलने की संभावना है।
राजधानी शहर देहरादून में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 37 डिग्री सेल्सियस और 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।
पिछले 24 घंटों के दौरान, उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी ऊपर रहा, जबकि पहाड़ी इलाकों में तापमान सामान्य रहा।
भाषा
राजकुमार नरेश
नरेश

Facebook


