उत्तराखंड : नैनीताल जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी

Ads

उत्तराखंड : नैनीताल जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी

  •  
  • Publish Date - February 16, 2026 / 04:17 PM IST,
    Updated On - February 16, 2026 / 04:17 PM IST

नैनीताल, 16 फरवरी (भाषा) उत्तराखंड में नैनीताल जिला न्यायालय को सोमवार को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया, जिसके बाद जिले में स्थित विभिन्न अदालत परिसरों को खाली करवा कर तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि नैनीताल जिला न्यायाधीश के आधिकारिक ई-मेल पर सुबह एक धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ जिसमें न्यायालय परिसर में विस्फोटक लगाए जाने का दावा करते हुए अपराह्न 12:15 बजे धमाका होने की चेतावनी दी गई। इस एक वाक्य के धमकी वाले संदेश में किसी व्यक्ति या संगठन द्वारा उसकी जिम्मेदारी नहीं ली गयी।

मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता के मद्देनजर, नैनीताल जिले में स्थित विभिन्न अदालत परिसरों-नैनीताल, हल्द्वानी और रामनगर को खाली करवा कर पुलिस, बम निरोधक दस्ता और श्वान दस्तों की संयुक्त टीमों ने गहन तलाशी अभियान चलाया और हर हिस्से की गहन तलाशी ली गयी।

पुलिस ने बताया कि अभी तक जांच में कहीं कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, लेकिन सुरक्षा कारणों से तलाशी अभियान फिलहाल जारी रहेगा।

इस संबंध में नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मंजूनाथ टीसी ने बताया, ”धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद सभी न्यायालय परिसरों में एसओपी (मानक संचालन प्रक्रिया) के अनुसार व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया है। अभी तक की जांच में कहीं कुछ आपत्तिजनक नहीं मिला है और आम जनमानस को इसे लेकर घबराने की कोई जरूरत नहीं है।”

उन्होंने कहा कि इस मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जा रही है और ई-मेल का स्रोत जानने के लिए ‘आईपी एड्रेस’ का पता लगाया जा रहा है। मंजूनाथ ने कहा कि मामले में दोषी पाए गए व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

भाषा

दीप्ति रवि कांत