उत्तराखंड : कालसी में खाई में गिरी हिमाचल रोडवेज की बस, तीन लोगों की मौत

उत्तराखंड : कालसी में खाई में गिरी हिमाचल रोडवेज की बस, तीन लोगों की मौत

उत्तराखंड : कालसी में खाई में गिरी हिमाचल रोडवेज की बस, तीन लोगों की मौत
Modified Date: February 3, 2026 / 04:55 pm IST
Published Date: February 3, 2026 4:55 pm IST

देहरादून, तीन फरवरी (भाषा) उत्तराखंड में देहरादून जिले के कालसी क्षेत्र में मंगलवार को हिमाचल रोडवेज की एक बस के गहरी खाई में गिरने से उसमें सवार दो महिलाओं समेत तीन यात्रियों की मौत हो गयी जबकि 11 से 12 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) से मिली जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना मीनस मार्ग पर कुआनू में हुई जहां बस अनियंत्रित होकर सड़क से 100 मीटर नीचे गहरी खाई में गिर गयी।

अधिकारियों के मुताबिक इस घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ तथा पुलिस की टीमें मौके पर पहुंची तथा बचाव एवं राहत अभियान चलाया गया।

एसडीआरएफ ने बताया कि तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गयी जिनमें दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल है।

उन्होंने बताया कि इस हादसे में 11 से 12 अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुए हैं जिन्हें खाई से निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। घायलों में बस चालक दिनेश कुमार भी शामिल है जो शिमला का रहने वाला है।

हादसे का शिकार हुई बस हिमाचल प्रदेश के नेरवा से पौंटा साहिब जा रही थी और उसमें 36 यात्री सवार थे। मृतकों की पहचान नेरवा की रहने वाली यास्मीन बेगम (46), ऋचा (30) और धन बहादुर के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि बस में सवार व्यक्तियों से मिली जानकारी के अनुसार, प्रथम दृष्टया एक छोटे वाहन द्वारा बस को ओवरटेक किए जाने के दौरान बस अनियंत्रित होकर खाई में गिर गयी। उसने बताया कि दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

भाषा

दीप्ति

रवि कांत


लेखक के बारे में