उत्तराखंड: हरिद्वार में दो अधिकारी रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
उत्तराखंड: हरिद्वार में दो अधिकारी रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
देहरादून, 18 अगस्त (भाषा) उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में सतर्कता ब्यूरो ने मंगलवार को अलग-अलग विभागों में कार्यरत दो अधिकारियों को कथित रूप से रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
सतर्कता ब्यूरो ने बताया कि यह कार्रवाई इस संबंध में मिली शिकायतों की जांच में आरोपों के प्रथमदृष्टया सही पाए जाने के बाद की गयी।
ब्यूरो की एक टीम ने खानपुर विकासखंड के सहायक कृषि अधिकारी हरिओम यादव को दस हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उसके भाई को कृषि यंत्र खरीदने के लिए मिलने वाली सब्सिडी की फाइल आगे बढ़ाने की एवज में यादव ने दस हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी।
यादव, पौड़ी जिले के कोटद्वार के रहने वाले हैं।
एक अन्य शिकायत में युवा मंगल कल्याण दल के प्रमुख एक व्यक्ति ने आरोप लगाया था कि फूलों की खेती के लिए मिलने वाली सरकारी अनुदान राशि की फाइल आगे बढ़ाने की एवज में नारसन ब्लॉक के क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी कुलदीप कुमार ने उनसे 35 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की।
सतर्कता ब्यूरो ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए जाल बिछाया और लक्सर के रहने वाले कुमार को 35,000 रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
भाषा दीप्ति जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


