उत्तराखंड बेरोजगार संघ का देहरादून में ‘सचिवालय कूच’, कांग्रेस का हल्द्वानी में विरोध प्रदर्शन
उत्तराखंड बेरोजगार संघ का देहरादून में ‘सचिवालय कूच’, कांग्रेस का हल्द्वानी में विरोध प्रदर्शन
(तस्वीरों के साथ)
देहरादून/हल्द्वानी, 21 जुलाई (भाषा) उत्तराखंड के देहरादून में मंगलवार को बेरोजगार युवाओं ने लंबित सरकारी भर्तियों की प्रक्रिया को जल्द पूरा करने तथा नई भर्तियां शुरू किए जाने की मांग को लेकर राज्य सचिवालय की ओर कूच किया जबकि हल्द्वानी और नैनीताल में कांग्रेस ने दिल्ली में प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में केंद्र के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांगा।
उत्तराखंड बेरोजगार संघ के बैनर तले बड़ी संख्या में बेरोजगार युवाओं ने लंबित सरकारी भर्तियों की प्रक्रिया को जल्द पूरा करने तथा नई भर्ती की विज्ञप्ति जारी किए जाने सहित अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सचिवालय कूच किया।
प्रदर्शनकारी पहले परेड ग्राउंड में एकत्र हुए, जहां से उन्होंने बेरोजगार संघ के अध्यक्ष राम कंडवाल के नेतृत्व में सचिवालय की ओर पैदल मार्च शुरू किया। हालांकि, जैसे ही प्रदर्शनकारी सुभाष रोड पर राज्य सचिवालय के निकट पहुंचे, वहां पहले से तैनात पुलिस बल ने अवरोधक लगाकर उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया।
पुलिस द्वारा रोके जाने का प्रयास करने पर नाराज प्रदर्शनकारियों की उससे धक्का-मुक्की भी हुई। बाद में वे सड़क पर ही धरने पर बैठ गए और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
इस दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री की बर्खास्तगी को लेकर भी कुछ लोग नारे लगाते नजर आए। प्रदर्शन के कारण कुछ समय के लिए क्षेत्र में यातायात भी प्रभावित रहा।
प्रदर्शनकारियों ने उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) और उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) को कटघरे में खड़ा करते हुए भर्ती परीक्षाओं के नए विज्ञापन जारी करने की मांग की। उन्होंने सहायक अभियंता (एई) और कनिष्ठ अभियंता (जेई) की भर्ती परीक्षा, वन गार्ड के 1000 पदों पर भर्ती का विज्ञापन तत्काल जारी करने, उत्तराखंड पुलिस में 1,500 पदों पर भर्ती की विज्ञप्ति जारी करने तथा महिला पुलिस आरक्षी के 400 पदों पर भी तत्काल भर्ती प्रक्रिया शुरू करने तथा विभिन्न लंबित भर्ती प्रक्रियाओं को भी शीघ्र पूरा करने की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि भर्तियों में लगातार हो रही देरी के कारण हजारों अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
बाद में, संघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के अपर सचिव, कार्मिक, को एक ज्ञापन सौंपा जिन्होंने उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।
कंडवाल ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। हालांकि, प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा और किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
उधर, कांग्रेस ने नयी दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रश्न पत्र लीक मामले को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में नैनीताल जिले के हल्द्वानी व लालकुआं में केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
हल्द्वानी महानगर कांग्रेस कमेटी ने बुद्ध पार्क में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार का पुतला फूंका और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए विरोध-प्रदर्शन किया।
इस मौके पर महानगर अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि अपनी जायज़ मांगों को लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों की आवाज सुनने की बजाय केंद्र सरकार ने उन पर लाठीचार्ज किया, जो लोकतंत्र के लिए ‘शर्मनाक’ है।
उन्होंने पूछा कि क्या अपने बच्चों के साथ ऐसा व्यवहार किया जाता है जबकि वे देश का भविष्य हैं। बिष्ट ने कहा कि प्रश्नपत्र लीक मामले में केंद्र सरकार अपनी नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करे तथा प्रधान तत्काल अपने पद से इस्तीफा दें।
लालकुंआ में भी रेलवे स्टेशन चौराहे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पुतला फूंका और कथित लाठीचार्ज के लिए केंद्र की आलोचना करते हुए नारेबाजी की।
भाषा सं दीप्ति धीरज
धीरज

Facebook


