उत्तराखंड: टिहरी में प्रसव के बाद महिला की मौत, पति ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाया

उत्तराखंड: टिहरी में प्रसव के बाद महिला की मौत, पति ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाया

उत्तराखंड: टिहरी में प्रसव के बाद महिला की मौत, पति ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाया
Modified Date: October 24, 2025 / 07:55 pm IST
Published Date: October 24, 2025 7:55 pm IST

नई टिहरी, 24 अक्टूबर (भाषा) उत्तराखंड के टिहरी जिले में घनसाली क्षेत्र स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पिलखी में बच्चे को सकुशल जन्म देने के बाद एक महिला की मौत हो गयी। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

डेढ़ माह के भीतर इस अस्पताल में इस प्रकार की यह दूसरी घटना है।

पुलिस ने बताया कि ग्राम पंचायत सेम बासर की रहने वाली रवीना कठैत (22) को बृहस्पतिवार सुबह छह बजे प्रसव पीड़ा होने पर स्वास्थ्य केंद्र लाया गया था, जहां उसने शुक्रवार सुबह आठ बजे एक बच्चे को सकुशल जन्म दिया लेकिन देर शाम महिला की अचानक तबीयत बिगड़ गयी और उसे सांस लेने में दिक्कत होने लगी।

पुलिस के मुताबिक, महिला की हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे पौड़ी में श्रीनगर बेस अस्पताल भेज दिया हालांकि उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि महिला के पति कुलदीप कठैत ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाया और पत्नी की मौत के लिए अस्पताल प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया।

एक होटल में काम करने वाले कठैत ने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र में रवीना को जब सांस लेने में दिक्कत हुई, तो वहां कोई भी चिकित्सक मौजूद नहीं था और केवल एक वार्ड ब्वाय ही था।

उन्होंने कहा कि तत्काल इलाज न मिलने से रवीना की तबियत ज्यादा बिगड़ गयी और उसकी मौत हो गयी।

कठैत ने मामले की जांच की मांग की।

इससे पहले, पिछले महीने भी इसी अस्पताल में ऐसी ही एक घटना हुई थी, जहां बच्चे को जन्म देने के कुछ दिनों बाद 15 सितंबर को एक महिला की मौत हो गई थी।

टिहरी के मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) डॉ. श्याम विजय ने इस बारे में बताया कि महिला की चिकित्सा इतिहास से पता चला कि उसे ह्रदय संबंधी बीमारी थी, जिसके लिए उसकी बाईपास हार्ट सर्जरी भी हुई थी लेकिन परिजनों ने इसकी कोई जानकारी नहीं दी थी।

डॉ. विजय ने बताया कि सामान्य प्रसव होने के कई घंटों बाद महिला को सांस लेने में परेशानी महसूस हुई, जिसके बाद उसे एंबुलेंस में ऑक्सीजन सपोर्ट के साथ श्रीनगर बेस अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत की सूचना मिली।

भाषा सं दीप्ति जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में