उत्तराखंड : पौड़ी में तेंदुओं के हमले में महिला की मौत, क्षेत्र में दहशत

Ads

उत्तराखंड : पौड़ी में तेंदुओं के हमले में महिला की मौत, क्षेत्र में दहशत

  •  
  • Publish Date - April 23, 2026 / 07:16 PM IST,
    Updated On - April 23, 2026 / 07:16 PM IST

पौड़ी, 23 अप्रैल (भाषा) उत्तराखंड के पौड़ी जिले में बृहस्पतिवार को दो तेंदुओं के हमले में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, पौड़ी ब्लॉक के बमठी गांव में सुबह करीब नौ बजे यह घटना उस समय हुई जब सीता देवी(65) खेतों में घास काटने गई थी। इसी दौरान घात लगाए बैठे दो तेंदुओं ने उन पर हमला कर दिया और उन्हें घसीटते हुए जंगल की ओर ले गए।

गांव की ओर लौट रही एक महिला मुन्नी देवी ने सीता देवी के शव के पास दो तेंदुओं को देखा और शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया। ग्रामीणों के मौके पर पहुंचने तक तेंदुए शव को क्षत-विक्षत कर चुके थे।

इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने सरकार और वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि तेंदुओं की सक्रियता की जानकारी लंबे समय से दिए जाने के बावजूद समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए।

गढ़वाल वन प्रभाग के प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) रजत सुमन ने बताया कि सूचना मिलते ही विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है और क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है।

उन्होंने कहा कि तेंदुओं की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ट्रैप कैमरे लगाए जा रहे हैं।

सुमन ने बताया कि तेंदुओं को ट्रेंकुलाइज करने और अंतिम विकल्प के रूप में गोली मारने के आदेश भी मिल गए हैं।

उन्होंने बताया कि पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

भाषा

सं, दीप्ति रवि कांत