केरल में वीएसीबी ने पुलिस निरीक्षक के आवास पर मारा छापा, 40 हजार रुपये बरामद

केरल में वीएसीबी ने पुलिस निरीक्षक के आवास पर मारा छापा, 40 हजार रुपये बरामद

केरल में वीएसीबी ने पुलिस निरीक्षक के आवास पर मारा छापा, 40 हजार रुपये बरामद
Modified Date: June 28, 2026 / 09:39 am IST
Published Date: June 28, 2026 9:39 am IST

कोच्चि, 28 जून (भाषा) सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (वीएसीबी) ने यहां पास के कुरुप्पमपडी में एक सर्किल पुलिस निरीक्षक के आधिकारिक आवास पर औचक छापेमारी कर कथित तौर पर 40,000 रुपये बरामद किए। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि उन्हें कुरुप्पमपडी थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक वी राजेश कुमार द्वारा अवैध रेत खनन संबंधी मामलों को निपटाने के लिए कथित तौर पर रिश्वत लेने से जुड़ी गुप्त सूचना मिली थी, जिसके बाद वीएसीबी की टीम ने शनिवार रात यह तलाशी ली।

अधिकारियों के मुताबिक, जब सतर्कता टीम आवास पर पहुंची, तो कुरुप्पमपडी थाने में दर्ज रेत खनन संबंधी मामले का एक आरोपी भी वहां कथित तौर पर मौजूद था।

उन्होंने बताया कि तलाशी के दौरान वीएसीबी ने आवास से 40,000 रुपये बरामद किए।

वीएसीबी के अनुसार, कुमार इस रकम के स्रोत के बारे में कोई संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं दे सके तथा वह इस मामले की विस्तृत जांच करेगी।

अधिकारियों ने कहा कि कुरुप्पमपडी और पेरुंबावूर इलाकों में रेत खनन माफिया सक्रिय हैं और उन्हें कुछ पुलिस अधिकारियों तथा अवैध खनन संचालकों के बीच कथित सांठगांठ की जानकारी मिली है।

भाषा प्रचेता रंजन

रंजन


लेखक के बारे में