कोलकाता, छह जून (भाषा) रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पश्चिम बंगाल के दौरे के दौरान शनिवार को कोलकाता मेट्रो में यात्रा कर यात्रियों से प्रतिक्रिया ली और ऑटो-रिक्शा की सवारी भी की।
वैष्णव हवाई अड्डे से सीधे इसके पास स्थित मेट्रो स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने यात्रियों से बातचीत कर मेट्रो सेवाओं के बारे में उनके अनुभवों को जाना।
राज्य के मंत्री जगन्नाथ चटर्जी और सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो के साथ रेल मंत्री जय हिंद (हवाई अड्डा) स्टेशन से नोआपाड़ा तक जाने वाली मेट्रो में सवार हुए।
रेल मंत्रालय ने ‘एक्स’ एक पोस्ट में कहा, ‘‘अश्विनी वैष्णव ने जय हिंद स्टेशन से नोआपाड़ा स्टेशन तक कोलकाता मेट्रो में यात्रा कर यात्रियों से बातचीत की और शहर में मेट्रो सेवाओं के बारे में उनकी प्रतिक्रिया ली।’’
वैष्णव नोआपाड़ा से राज्य मुख्यालय नबान्न की ओर रवाना हुए, जहां बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ उनकी बैठक थी।
नोआपाड़ा क्षेत्र में यातायात की समस्या के कारण केंद्रीय मंत्री का वाहन बेलघोरिया एक्सप्रेसवे पर प्रमोद नगर में खड़ा किया गया। वह मेट्रो स्टेशन से प्रमोद नगर तक ऑटो रिक्शा से गए और फिर कार से नबान्न के लिए रवाना हुए।
केंद्रीय मंत्री ने न्यूनतम सुरक्षा व्यवस्था के साथ यात्रा की और सामान्य यातायात प्रोटोकॉल का पालन किया।
बाद में, उन्होंने पत्रकारों से कहा कि केंद्र सरकार कोलकाता मेट्रो के महत्वपूर्ण विस्तार की योजना बना रही है।
केंद्रीय मंत्री ने मेट्रो प्रणाली में बड़े सुधारों की योजनाओं की रूपरेखा प्रस्तुत की, जिसमें अगले चार से पांच वर्षों में नयी पीढ़ी की लगभग 60 ट्रेन की शुरुआत शामिल है।
भाषा प्रचेता नेत्रपाल
नेत्रपाल