कश्मीर में जल्द चलेगी वंदे भारत ट्रेन : मंत्री अश्विनी वैष्णव

कश्मीर में जल्द चलेगी वंदे भारत ट्रेन : मंत्री अश्विनी वैष्णव

कश्मीर में जल्द चलेगी वंदे भारत ट्रेन : मंत्री अश्विनी वैष्णव
Modified Date: October 19, 2023 / 09:20 pm IST
Published Date: October 19, 2023 9:20 pm IST

नयी दिल्ली, 19 अक्टूबर (भाषा) रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बृहस्पतिवार को यहां कहा कि जम्मू-श्रीनगर लाइन शुरू होने के बाद इस वित्तीय वर्ष के भीतर कश्मीर में वंदे भारत सेवाएं शुरू होने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर राज्य की रेलवे लाइन का विद्युतीकरण कार्य हो जाने के बाद यह सेमी-हाई स्पीड ट्रेन त्रिपुरा के लोगों को भी सेवा प्रदान करेगी।

सरकार की योजना अगले साल मार्च तक 75 वंदे भारत ट्रेन शुरू करने की है।

वैष्णव ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘जम्मू से श्रीनगर रेलवे लाइन जल्द ही तैयार हो जाएगी और उस पर वंदे भारत ट्रेन भी चलायी जाएगी।’’

उन्होंने कहा कि जम्मू-श्रीनगर रेलवे लाइन पर संचालन इसी वित्तीय वर्ष में शुरू होने की उम्मीद है।

वैष्णव ने कहा कि इस ट्रेन को इस तरीके से डिजाइन किया गया है कि वे उस तापमान और ऊंचाई में आसानी से चल सके।

एक सर्वेक्षण के अनुसार, वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन आरामदायक होने और गति के मामले में युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों के बीच लोकप्रिय हैं।

वैष्णव ने कहा, ‘‘त्रिपुरा में जल्द ही रेलवे लाइन का विद्युतीकरण हो जाएगा, फिर हम त्रिपुरा को वंदे भारत सेवाएं प्रदान करने में सक्षम होंगे।’’

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूर्वोत्तर क्षेत्र और जम्मू-कश्मीर के विकास में व्यक्तिगत रुचि ली है, जहां रेलवे सेवाओं का बड़े पैमाने पर विस्तार किया जा रहा है।

भाषा शफीक नरेश

नरेश


लेखक के बारे में