नयी दिल्ली, दो अप्रैल (भाषा) केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बृहस्पतिवार को कहा कि शैक्षिक संगठन विद्या भारती ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 बनाने में सरकार की सहायता की है।
नए शैक्षणिक वर्ष की शुरुआत में यहां विद्या भारती के एक कार्यक्रम में प्रधान ने कहा, “विद्या भारती पूरे शिक्षा तंत्र में सिर्फ एक छोटा हिस्सा है, लेकिन वह बहुत कीमती और महत्वपूर्ण है।”
प्रधान ने कहा कि वह पिछले पांच साल से शिक्षा विभाग से जुड़े हुए हैं और जब भी पाठ्यपुस्तकों, पढ़ाई के माध्यम, भाषा या सामाजिक विकास से जुड़े निर्णय लिए गए, तब विद्या भारती एक “महत्वपूर्ण संदर्भ बिंदु” बना।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने एनईपी 2020 लागू किया और विद्या भारती इस मामले में एक प्रेरणास्रोत रही।
उन्होंने कहा, “मैं विश्वास के साथ कह सकता हूं कि विद्या भारती राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रेरणास्रोतों में से एक रही है। विद्या भारती के मूल्यों, कौशल विकास और पढ़ाई के तरीकों को अब राष्ट्रीय पाठ्यक्रम में शामिल कर लिया गया है।”
भाषा जोहेब अमित
अमित